यूपी : 21 साल की बेटी के पास मिली प्रेग्नेंसी किट तो गला घोंटकर कर दी हत्या, फिर बॉडी पर डाल दिया तेजाब
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 21 वर्षीय युवती की उसके माता-पिता ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपियों को अपनी बेटी के पास प्रेग्नेंसी किट पाए जाने के बाद उसके किसी युवक से संबंध होने का शक था. पुलिस ने यह जानकारी दी.
पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेंन शाह आलमाबाद निवासी नरेश ने तीन फरवरी, 2023 को मंझनपुर थाने में अपनी बेटी निशा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. मंगलवार को निशा का शव एक नहर से मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतका के पिता नरेश और मां शोभा देवी ने अपने घर में ही बेटी की तीन फरवरी को गला घोंटकर हत्या कर दी थी और इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
उन्होंने बताया कि शव की पहचान छिपाने के लिए मृतका के शरीर पर तेजाब डाल दिया गया था. अधिकारी ने कहा कि शव को ठिकाने लगाने में नरेश के दो सगे भाइयों गुलाब एवं रमेश ने भी सहयोग किया था.
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, मृतका के पिता नरेश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी बेटी मोबाइल पर कई लड़कों से बात करती थी और उन्हें शक था कि युवती के किसी लड़के के साथ संबंध हैं.
आरोप है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर नरेश ने अपनी पत्नी शोभा के साथ मिलकर दुपट्टे से गला घोंटकर निशा की हत्या कर दी.
from NDTV India - Latest https://ift.tt/ge5WYLk
Comments
Post a Comment