रामनवमी पर महाराष्ट्र-बंगाल समेत कई राज्यों में हिंसा, पथराव-आगजनी में कई घायल: 10 अपडेट
- पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी कुछ लोगों ने रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा पर पथराव किया. वहीं, बुधवार की रात महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में मंदिर के बाहर कुछ लोगों ने आगजनी की. पुलिस की गाड़ियों में भी आग लगा दी गई.
- हावड़ा में शोभायात्रा के दौरान कुछ लोगों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी. हालात तनावपूर्ण हैं, ऐसे में यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. उन्होंने इलाके में फ्लैग मार्च किया.
- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हावड़ा की घटना पर नाम लिए बिना बीजेपी को दोषी ठहराया. उन्होंने कहा कि वे सांप्रदायिक दंगों को अंजाम देने के लिए राज्य के बाहर से गुंडे बुलाते रहे हैं. उनके जुलूसों को किसी ने नहीं रोका, लेकिन उन्हें तलवारें और बुलडोजर लेकर मार्च करने का अधिकार नहीं है. उन्हें हावड़ा में ऐसा करने का दुस्साहस कैसे हो गया?
- गुजरात के वडोदरा में शोभायात्रा पर दो अलग-अलग जगहों पर हमला किया गया. सबसे पहले फतेहपुरा, इसके बाद इसके बाद कुंभारवाडा में पत्थरबाजी की घटना सामने आई. घटना के बाद इलाके की दुकानें बंद कर दी गई थीं. दंगाइयों ने सड़क पर खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की.
- गुजरात के वड़ोदरा में हुए हंगामे पर पुलिस उपाधीक्षक यशपाल जगनिया ने कहा कि इस दौरान कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ. जुलूस पुलिस सुरक्षा में पूर्व निर्धारित मार्ग से निकाला गया. जगनिया और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना का पता चलने के बाद मौके पर पहुंचे थे.
- महाराष्ट्र के दो जिलों में रामनवमी से पहले हिंसा भड़क उठी. जहां छत्रपति संभाजीनगर इलाके में रामनवमी से पहले दो पक्षों में झड़प हुई है. वहीं, जलगांव में एक मस्जिद में नमाज के दौरान गाना बजाने को लेकर दो समूह आपस में भिड़ गए.
- संभाजी नगर में जो दो पक्षों की भिड़ंत के दौरान कई वाहनों में आग लगा दी गई और पथराव हुआ है. पुलिस के वाहन को भी गुस्साई भीड़ ने आग के हवाले कर दिया है. हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनावपूर्ण बनी हुई है.
- इस घटना पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने अधिकारियों से बात की है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. जिस तरह से आज तक सभी त्योहार एक साथ मनाए गए हैं, उसी तरह सभी त्योहार मनाए जाने चाहिए. राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब न करें.
- दिल्ली में भी रामनवमी के त्योहार पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही. उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में रामनवमी के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने नियमों के खिलाफ मार्च निकाला, जिसके बाद इलाके में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टालने के लिए दंगा रोधी बल को तैनात करना पड़ा.
- इसके अलावा उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भी रामनवमी पर हंगामा हुआ है. डीसीपी नॉर्थ लखनऊ कासिम आबिदी ने कहा कि सुमित नाम के एक व्यक्ति के साथ 10-15 लोग डीजे पर कुछ संगीत बजा रहे थे, जिसके बाद लोगों के दो समूहों के बीच बहस छिड़ गई. दोनों गुटों को हिरासत में लिया गया. इलाके में शांति कायम है. (PTI इनपुट के साथ)
from NDTV India - Latest https://ift.tt/gvfys7h
Comments
Post a Comment