देश के सबसे अमीर MLA के पास 1,400 करोड़ की संपत्ति और 'सबसे गरीब' के पास 2,000 रुपये भी नहीं

देश के सबसे अमीर विधायक के पास 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है, जबकि पश्चिम बंगाल के एक विधायक के नाम पर 2,000 रुपये भी नहीं हैं. एक एडवोकेसी ग्रुप की रिपोर्ट से यह पता चला है. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, मई में कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री बने डीके शिवकुमार के पास 1,413 करोड़ रुपये की संपत्ति है. उनके बाद के दो सबसे अमीर विधायक भी कर्नाटक से ही हैं. 

एडीआर की सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर केएच पुट्टास्वामी गौड़ा हैं, जो कि निर्दलीय विधायक हैं. उनके पास 1,267 करोड़ रुपये की संपत्ति है. उनके बाद कांग्रेस की प्रिया कृष्णा हैं, जिनके पास 1,156 करोड़ रुपये की संपत्ति है.

संपत्ति के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा कि वे सबसे अमीर नहीं हैं, लेकिन वे गरीब भी नहीं हैं. उन्होंने कहा, "मैं सबसे अमीर नहीं हूं. यह ऐसी संपत्तियां हैं जो मैंने लंबी अवधि में हासिल की हैं. मेरा पैसा एक व्यक्ति के नाम पर है और मैंने इसे उसी तरह रखा है. मैं सबसे अमीर नहीं हूं, पर मैं गरीब नहीं हूं." 

सबसे अमीर 10 विधायकों में से चार कांग्रेस से हैं और तीन भाजपा से हैं. इस मुद्दे पर दोनों पार्टियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई है.

कांग्रेस के विधायक रिजवान अरशद ने कहा, "शिवकुमार जैसे लोग व्यवसायी हैं और इसमें गलत क्या है? भाजपा विधायकों को भी देखें, खासकर खनन घोटालों के आरोपियों को."

बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को अमीर लोगों से प्यार है. कर्नाटक बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार ने कहा, "हमारी पार्टी में उन लोगों को न्याय मिला है जो खनन घोटालों में शामिल थे. कांग्रेस को अमीर लोगों से प्यार है."

सबसे अमीर विधायकों की सूची में 23वें नंबर पर खनन कारोबारी जनार्दन रेड्डी हैं, जो पहले बीजेपी में थे और पिछले साल उन्होंने अपनी पार्टी बनाई थी. कथित तौर पर उनकी अधिकांश संपत्ति उनकी पत्नी अरुणा लक्ष्मी के नाम पर है, जिन्होंने नई पार्टी कल्याण राज्य प्रगति पक्ष के बैनर तले कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ा था.

राजनेताओं के इस इंद्रधनुष के दूसरे छोर पर पश्चिम बंगाल के बीजेपी विधायक निर्मल कुमार धारा हैं. उनकी कुल घोषित संपत्ति सिर्फ 1,700 रुपये की है. उनके बाद ओडिशा से निर्दलीय विधायक मकरंदा मुदुली हैं, जिनकी संपत्ति 15,000 रुपये की है. पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक नरिंदर पाल सिंह सावना की संपत्ति 18,370 रुपये की है.

देश के 20 सबसे अमीर विधायकों में से 12 कर्नाटक के हैं. राज्य में ऐसे विधायकों का प्रतिशत (14% ) भी सबसे अधिक है जो अरबपति हैं और जिनके पास कम से कम 100 करोड़ रुपये की संपत्ति है. राज्यों की सूची में दूसरे स्थान पर अरुणाचल प्रदेश है, जिसके 59 में से चार विधायक अरबपति हैं. इनका प्रतिशत सात है.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/05vl4DQ

Comments

Popular posts from this blog

योगी के बयान के विरोध में प्रियंका ने फ‍िर लगाई झाड़ू, जिला कांग्रेस कमेटियां भी करेंगी साफ सफाई

2024 की जंग में पिछड़ों का मसीहा कौन? PM मोदी ने 'कर्पूरी कार्ड' से INDIA अलायंस को कर दिया बेचैन