जानें, जयराम रमेश के 'दो पाप' के आरोप पर NDTV से क्या बोले CM हिमंता बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री और पूर्वोत्तर में बीजेपी के प्रमुख नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने अपनी पहले की पार्टी कांग्रेस और उसके बड़े नेता जयराम रमेश पर निशाना साधा. उन्होंने रमेश के व्यंग में कहे गए दो लोगों, असम के पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया और तरूण गोगोई के 'पाप' की वजह बताने पर पलटवार किया. उन्होंने कहा, "मैं जब कांग्रेस में था, तब भी जयराम रमेश का मुझसे और मेरा उनसे कोई बहुत लगाव नहीं था."
76वें स्वतंत्रता वर्ष के मौके पर एक विशेष सीरीज में एनडीटीवी के एडिटर इन चीफ संजय पुगलिया के साथ विशेष बातचीत के दौरान हिमंता बिस्वा सरमा ने ये बात कही. उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा कांग्रेस से कहा- आपने मुझे कुछ नहीं दिया. मैंने पार्टी को बहुत कुछ दिया."
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा था, "असम के मुख्यमंत्री बीजेपी वॉशिंग मशीन के प्रोडक्ट हैं. अब पूर्वोत्तर में कांग्रेस की तरफ से किए गए सभी तथाकथित पापों को याद कर रहे हैं. वास्तव में केवल दो ही पाप हैं. एक हितेश्वर सैकिया की तरफ से आत्मसमर्पित उल्फा का हिस्सा बने एक युवक को सम्मान दिलाने की प्रतिबद्धता. दूसरे थे तरुण गोगोई, जिन्होंने इस रैंक को सत्ता और अधिकार के अवसरवादी पद दिए. कोई रहस्य नहीं कि लाभार्थी कौन था और अब वह कौन है."
54 साल के असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा कभी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया और तरुण गोगोई के चहेते माने जाते थे. तरूण गोगोई से अनबन के बाद उन्होंने 2015 में कांग्रेस छोड़ दी थी.
गांधी परिवार के प्रबल आलोचक सरमा ने कहा, "मैं इस बात को कभी नहीं मानता हूं कि गांधी फैमिली हमें कुछ देती है. मैं हमेशा मानता हूं कि हमारे खून से गांधी फैमिली बनी है. लोग जब बोलते हैं न कि इसको राहुल जी ने इतना दे दिया.. राजीव जी ने इतना दे दिया.. मैं नहीं मानता. मैं मानता हूं, इट वाज ए स्ट्रीट सोल्जर ऑफ कांग्रेस पार्टी. वे खून देते हैं और आप दिल्ली में बैठकर राज करते हैं."
उन्होंने जयराम रमेश को गांधी परिवार का दरबारी भी कहा.
हिमंता बिस्वा सरमा ने असम में कांग्रेस के लिए 2006 और 2011 के चुनाव अभियानों का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया था. तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व के साथ मतभेदों के बाद उन्होंने अगस्त 2015 में पार्टी छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए.
ये भी पढ़ें: "अभी, मुझे मुस्लिम वोट नहीं चाहिए..": असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा Exclusive
ये भी पढ़ें: कांग्रेसी नेता गौरव गोगोई BJP में शामिल होंगे? जानें असम के मुख्यमंत्री ने NDTV से क्या कहा
from NDTV India - Latest https://ift.tt/fiFYdrX
Comments
Post a Comment